संभल हिंसा मामले में बड़ा एक्शन: मास्टरमाइंड शारिक साठा की संपत्ति कुर्क, इलाका बना छावनी

संभल। संभल में हुई हिंसा के मास्टरमाइंड के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है और गैंगस्टर शारिक उर्फ साठा की बेनामी संपत्तियों की कुर्की की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे हयातनगर, संभल कोतवाली, रायसत्ती और नक्खाशाथ समेत पांच थानों की पुलिस भारी बल के साथ मोहल्ला हिंदूपुरा खेड़ा पजाया स्थित शारिक साठा के घर पहुंची और कुर्की की कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस के मुताबिक शारिक उर्फ साठा को भारत का सबसे बड़ा ऑटो लिफ्टर माना जाता है, जिसके खिलाफ 60 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में हत्या, आर्म्स एक्ट और संभल हिंसा से जुड़े केस शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि संभल हिंसा के दौरान भीड़ को भड़काने और हथियारों की आपूर्ति में शारिक साठा की अहम भूमिका थी। वह अपने गुर्गों के जरिए पूरी साजिश को निर्देशित कर रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर उसे प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर घोषित किया है, जबकि वह फिलहाल दुबई से अपना नेटवर्क चला रहा है।

संभल हिंसा की जांच के दौरान एसआईटी को यह साफ संकेत मिले कि हिंसा के पीछे एक संगठित साजिश थी, जिसमें शारिक साठा मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसके तीन गुर्गों गुलाम, वारिस और मुल्ला अफरोज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि शारिक साठा के इशारे पर दंगाइयों को हथियार सप्लाई किए गए थे।

शारिक साठा की अवैध संपत्तियों की कुर्की के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इलाके में डुगडुगी बजाकर सार्वजनिक सूचना दी गई और किसी भी तरह की तनाव की स्थिति से निपटने के लिए पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। मौके पर एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह, असमोली सीओ कुलदीप कुमार, तहसीलदार संभल धीरेंद्र कुमार सिंह, लेखपाल ज्ञानेश कुमार और राहुल कुमार धारीवाला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *