राजधानी भोपाल के रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई, चेकिंग के दौरान 311 कछुए बरामद, RPF और वन विभाग की कार्रवाई के बाद STF ने शुरू की गहन जांच

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रेलवे स्टेशन पर की गई चेकिंग के दौरान वन्यजीव तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां आरपीएफ, वन विभाग और स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में 311 कछुए बरामद किए गए और एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी रेलवे कोच में अटेंडर का काम करता है और दो बैग में कछुओं को छिपाकर ले जा रहा था।

जानकारी के मुताबिक बैरागढ़ स्थित संत हिरदाराम रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ द्वारा बैग चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधि सामने आई, तलाशी लेने पर अजय सिंह राजपूत पिता रामकुमार के पास मौजूद दो बैगों से कुल 311 कछुए बरामद हुए, जिसके बाद तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई और मौके पर स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स तथा वन विभाग का अमला पहुंचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह ढाई हजार रुपये की लालच में इन कछुओं को देवास और इंदौर में पार्सल करने के लिए ले जा रहा था, वहीं आरपीएफ की जांच में रविंद्र कश्यप नाम के व्यक्ति का नाम सामने आया है, जिसने आरोपी को पैसे का लालच देकर तस्करी के लिए इस्तेमाल किया।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए एसटीएफ ने जांच तेज कर दी है, आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा, वहीं बरामद किए गए कछुओं को सुरक्षित देखरेख में रखा गया है ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *