लखनऊ। कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में योगी सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन कर दिया है। इस टीम का नेतृत्व आईजी लॉ एंड ऑर्डर एलआर कुमार करेंगे, जबकि एसटीएफ के एसएसपी सुशील घुले चंद्रभान और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त अखिलेश कुमार जैन को टीम का सदस्य बनाया गया है। इस संबंध में गृह विभाग की ओर से आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने इस मामले को लेकर एफएसडीए की सचिव रौशन जैकब और प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया था कि राज्य सरकार कोडीन कफ सिरप तस्करी को बेहद गंभीरता से ले रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आईजी स्तर के अधिकारी की अगुआई में SIT गठित की गई है, ताकि जिन जिलों में इस मामले से जुड़े केस दर्ज हैं वहां सक्रिय पूरे तस्करी सिंडीकेट और इसके बड़े सरगनाओं पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
गृह सचिव मोहित गुप्ता ने बताया कि आईजी लॉ एंड ऑर्डर एलआर कुमार की अध्यक्षता में गठित यह SIT टीम सभी चल रही जांचों की नियमित समीक्षा करेगी और एक महीने के भीतर अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। सरकार का साफ संदेश है कि कोडीन कफ सिरप तस्करी से जुड़े किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

