3 कैदियों के फरार मामले में बड़ी कार्रवाई, 2 जेलर और 1 जेल प्रहरी निलंबित, जेल डीजी वरुण कपूर पहुंचे उपजेल

नागदा। उज्जैन जिले के खाचरोद उपजेल से तीन कैदियों के फरार होने के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद मध्यप्रदेश जेल महानिदेशक वरुण कपूर खुद खाचरोद उपजेल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। गंभीर लापरवाही सामने आने पर दो जेलर और एक जेल प्रहरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक बीते गुरुवार शाम करीब सात बजे रंगाई-पुताई के काम के दौरान महिला बैरक के रास्ते तीन कैदी उपजेल से फरार हो गए थे। घटना के अगले दिन शुक्रवार शाम को जेल डीजी वरुण कपूर उपजेल पहुंचे, मौके का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए खाचरोद और नीमच जेल से जुड़े दो जेलर और एक जेल प्रहरी को निलंबित किया गया है। इनमें से एक जेलर का तबादला हाल ही में खाचरोद जेल में हुआ था और वह शुक्रवार को ही चार्ज लेने वाले थे।

फरार कैदियों की पहचान गोविंद निवासी नागदा, गोपाल निवासी ग्राम मालाखेड़ी और नारायण निवासी ग्राम चंदवासला के रूप में हुई है। इनमें गोविंद हत्या के मामले में बंद था, जबकि बाकी दोनों कैदी दुष्कर्म के आरोप में सजा काट रहे थे। जेल डीजी वरुण कपूर ने कहा कि जेलों में सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की जाएगी और कैदियों को भागने में मदद करने वाली सभी खामियों और साधनों को चिन्हित कर हटाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *