एमपी में नकली घी का बड़ा भंडाफोड़, 1600 लीटर जब्त, यूपी की कंपनियों के नाम पर हो रही थी सप्लाई

रतलाम। मध्य प्रदेश में त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर कार्रवाई तेज हो गई है और इसी कड़ी में रतलाम में नकली घी के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। खाद्य विभाग की टीम ने एक मकान पर छापामार कार्रवाई कर करीब 1600 लीटर संदिग्ध घी जब्त किया है, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश गुप्ता के मुताबिक नकली घी के कारोबार की सूचना मिलने के बाद टीम ने ग्लोबल सिटी स्थित विक्रांत त्यागी के मकान पर दबिश दी, जहां ‘महाकाल ट्रेडर्स’ के नाम से व्यापार संचालित हो रहा था। मौके पर घी के दो अलग-अलग ब्रांड के पैकेट बड़ी मात्रा में मिले। टीम ने पंचनामा तैयार कर विभिन्न ब्रांड के नमूने सीलबंद किए और जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

जांच में सामने आया कि यह नकली घी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पंजीकृत ‘मदर बेस्ट’ और ‘यूपी फ्रेश’ नाम की कंपनियों के ब्रांड से बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। ‘मदर बेस्ट प्रीमियम देसी घी’ को 350 से 400 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बेचा जा रहा था, जबकि 15 लीटर की पैकिंग करीब 6000 रुपये में ग्रामीण बाजार में उतारी जा रही थी। महाकाल ट्रेडर्स इन उत्पादों की पैकिंग और मार्केटिंग कर रतलाम समेत आसपास के इलाकों की दुकानों तक सप्लाई कर रहा था।

जब्ती के दौरान ‘मदर बेस्ट’ ब्रांड के 1 लीटर की 11 पेटियां, 500 एमएल की 12 और 15 पेटियां, 1 लीटर जार की 3 पेटियां और 15 लीटर टीन सहित बड़ी मात्रा में माल मिला। वहीं ‘यूपी फ्रेश’ ब्रांड के 1 लीटर, 500 एमएल, 200 एमएल पैक और 15 किलोग्राम के टीन भी बरामद किए गए।

फिलहाल विभाग ने सभी नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के मौसम में नकली घी की इस बड़ी खेप के पकड़े जाने से खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *