भोपाल में इनकम टैक्स की बड़ी कार्रवाई, मिलन स्वीट समेत कई ठिकानों पर छापा, एमपी नगर में सर्चिंग जारी

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से बड़ी खबर सामने आई है, जहां इनकम टैक्स विभाग ने शहर के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक आईटी विभाग की टीम ने मशहूर मिलन स्वीट समेत कई जगहों पर दबिश दी है। अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है, जिसके चलते व्यापारिक क्षेत्रों में हड़कंप का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में इनकम टैक्स विभाग के डिप्टी डायरेक्टर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जो अलग-अलग टीम बनाकर विभिन्न स्थानों पर जांच कर रहे हैं। राजधानी के एमपी नगर सहित कई अन्य ठिकानों पर सर्चिंग की जा रही है और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।

फिलहाल मौके पर स्थानीय पुलिस बल भी तैनात है और अधिकारी पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। इनकम टैक्स विभाग की टीम लगातार रिकॉर्ड और दस्तावेज खंगाल रही है। हालांकि अभी तक इस छापेमारी में क्या मिला है और कार्रवाई किस स्तर तक पहुंचेगी, इसको लेकर विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

लेकिन राजधानी में एक साथ कई जगहों पर हुई इस कार्रवाई से व्यापारिक जगत में हलचल जरूर मच गई है और सभी की नजर अब इनकम टैक्स विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *