राजा रघुवंशी मर्डर केस में बड़ा अपडेट, कोर्ट ने दो लोगों को किया दोषमुक्त, सबूत मिटाने के आरोप में हुए थे गिरफ्तार

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। कोर्ट ने बिल्डिंग मालिक लोकेंद्र सिंह तोमर और चौकीदार बलवीर अहिरवार को दोषमुक्त कर दिया है। पुलिस ने दोनों को राजा की हत्या के बाद सबूत मिटाने के आरोप में गिरफ्तार किया था, लेकिन विस्तृत जांच के बाद हत्या से उनका कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया।

जांच में सामने आया था कि राजा रघुवंशी की हत्या के बाद उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी इंदौर आई थी और किराये के एक फ्लैट में रुकी थी। जिस बिल्डिंग में सोनम ठहरी थी, उसका मालिक लोकेंद्र सिंह तोमर है और उसी बिल्डिंग में बलवीर अहिरवार चौकीदार के तौर पर काम करता था। बताया गया कि लोकेंद्र ने शिलोम जेम्स नाम के व्यक्ति को बिल्डिंग किराए पर दी थी, जहां सोनम रुकी थी।

इस मामले में शिलॉन्ग पुलिस ने दूसरी चार्जशीट कोर्ट में पेश कर दी है और जांच की कड़ियां अब धीरे-धीरे जुड़ती नजर आ रही हैं।

गौरतलब है कि 29 वर्षीय राजा रघुवंशी और उसकी 25 वर्षीय पत्नी सोनम शादी के बाद हनीमून पर मेघालय के शिलॉन्ग गए थे, जहां बाद में राजा की लाश बरामद हुई थी। जांच में यह खुलासा हुआ कि इस हत्याकांड की साजिश में खुद पत्नी सोनम मास्टरमाइंड थी। शिलॉन्ग पुलिस ने सोनम के साथ राज कुशवाह, आकाश राजपूत, आनंद और विशाल को गिरफ्तार किया था और सबूत मिटाने के आरोप में बिल्डिंग मालिक लोकेंद्र और चौकीदार बलवीर को भी आरोपी बनाया गया था, जिन्हें अब कोर्ट ने दोषमुक्त कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *