एक बार प्रियंका गांधी को प्रधानमंत्री बनाइए, फिर देखिए… बांग्लादेश मामले पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का बड़ा बयान

कांग्रेस के लोकसभा सांसद इमरान मसूद ने पार्टी महासचिव और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को संभावित प्रधानमंत्री उम्मीदवार बताते हुए उनका जोरदार समर्थन किया है। उन्होंने प्रियंका गांधी की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से करते हुए कहा कि अगर उन्हें मौका मिला तो वे भी उसी मजबूती से देश का नेतृत्व करेंगी। इमरान मसूद का यह बयान भाजपा की उस आलोचना के जवाब में आया है, जिसमें प्रियंका गांधी पर बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रही हिंसा को लेकर चुप रहने का आरोप लगाया गया था।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में इमरान मसूद ने कहा कि जब भी बांग्लादेश में हिंसा हुई है, उस पर सबसे पहले और सबसे ज्यादा आवाज प्रियंका गांधी ने ही उठाई है। उन्होंने कहा कि एक बार प्रियंका गांधी को प्रधानमंत्री बनाइए और फिर देखिए कि वह इंदिरा गांधी की तरह कैसे जवाब देती हैं। जिस तरह इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए थे, उसी तरह प्रियंका गांधी ऐसा इलाज करेंगी कि कोई भी भारत विरोधी अड्डा खड़ा नहीं हो पाएगा।

इमरान मसूद ने आगे कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अलग नहीं हैं। जैसे चेहरे पर दो आंखें होती हैं, वैसे ही दोनों एक ही सोच और विरासत का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि ये इंदिरा गांधी के पोता और पोती हैं, इसलिए इन्हें अलग-अलग नजर से नहीं देखा जाना चाहिए।

वहीं इस बयान पर प्रियंका गांधी के पति और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर तरफ से मांग उठ रही है कि प्रियंका गांधी को आगे आना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उनसे खुद भी राजनीति में आने की बातें कही जा रही हैं, लेकिन फिलहाल सबसे जरूरी है जनता से जुड़े असली मुद्दों पर फोकस करना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *