Mandsaur MD Drugs Case: जंगल में फैक्ट्री बनाकर चल रहा था नशे का कारोबार, भारी मात्रा में ड्रग्स जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार देर रात सुरजना गांव में चल रही एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारा और मौके से 12 किलो 600 ग्राम क्रूड एमडी केमिकल, 102 ग्राम तैयार एमडी ड्रग्स, बड़ी मात्रा में उपकरण और केमिकल जब्त किए, वहीं फैक्ट्री चला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

जिले के छह थानों से करीब सत्तर से ज्यादा पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने चंबल नदी के किनारे बसे गांव की घेराबंदी कर नदी और जंगल के रास्तों से फैक्ट्री तक पहुंचकर कार्रवाई की, जिसके बाद मंदसौर एसपी और रतलाम रेंज के डीआईजी गरोठ पहुंचे और पूरे ऑपरेशन की समीक्षा की।

रतलाम रेंज डीआईजी निमिष अग्रवाल ने बताया कि दोनों आरोपी पिछले करीब दो साल से एमडी ड्रग्स के धंधे में सक्रिय थे और हाल ही में जंगली इलाके में खेत पर पूरा सेटअप लगाकर ड्रग्स बनाने लगे थे, फिलहाल दीपक और सुमित से पूछताछ की जा रही है कि केमिकल कहां से लाए जाते थे और तैयार नशा किन-किन जगहों पर सप्लाई किया जाता था।

डीआईजी ने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस का अभियान लगातार जारी है, बीते दिनों रतलाम के चिकलाना में भी इसी तरह की फैक्ट्री पकड़ी गई थी और अब मंदसौर के गरोठ क्षेत्र में यह बड़ी सफलता मिली है, आगे भी नशे के कारोबार पर सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *