ग्वालियर। ग्वालियर शहर के चंद्रवदनी नाका इलाके में एक टेंट गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देर रात उठी आग की ऊंची-ऊंची लपटों ने आसपास के रिहायशी क्षेत्र में दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि कृष्णा टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और अंदर रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
संकरी गलियों और देर रात के समय के कारण फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर पहुंचने और आग पर काबू पाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 7 फायर ब्रिगेड वाहनों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को बुझाया। घटना में एक लोडिंग वाहन और एक बाइक भी पूरी तरह जल गई।
गोदाम संचालकों अवधेश यादव और विक्रम यादव के अनुसार इस हादसे में लगभग 60 से 70 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

