शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग: इंदौर में कार गैरेज बना आग का गोला, कई गाड़ियां जलकर खाक

इंदौर। इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के लेक व्यू पार्क कॉलोनी में चोइथराम हॉस्पिटल के पास एक कार गैरेज में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि एक किलोमीटर दूर से इसकी लपटें देखी जा रही थीं। इस आग की चपेट में कई कारें आ गईं, लेकिन गनीमत रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि गैरेज में खड़ी तीन से अधिक कारें आग की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते पूरा गैरेज जलकर खाक हो गया। कारों में लगी आग के कारण जोरदार धमाके भी हुए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

गैरेज में मौजूद घरेलू गैस सिलेंडर को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

आग फैलने के खतरे को देखते हुए आसपास के कई गैरेज को खाली करा लिया गया। सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फिलहाल इस पूरी घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *