गणित का पेपर बना आखिरी इम्तिहान, बोर्ड परीक्षा के दौरान गिरी छात्रा, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिला से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां 10वीं बोर्ड की परीक्षा दे रही एक छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना बानमोर स्थित पंडित नेहरू कॉलेज परीक्षा केंद्र की है, जहां 16 वर्षीय वर्षा कुशवाह गणित का पेपर देने पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि परीक्षा के दौरान अचानक वह अपनी सीट से गिर पड़ी, जिससे कक्षा में हड़कंप मच गया। तुरंत उसे अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वर्षा ग्वालियर से मुरैना जिले के बानमोर केंद्र पर परीक्षा देने आई थी।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने आरोप लगाया है कि समय पर एंबुलेंस नहीं मिली और इलाज में देरी हुई, जिसकी वजह से उनकी बेटी की जान चली गई। वहीं डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर साइलेंट अटैक की आशंका जताई है।

इस घटना ने परीक्षा केंद्रों पर स्वास्थ्य सुविधाओं और आपात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दे दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *