मथुरा नाव हादसे में बढ़ा मौत का आंकड़ा, यमुना से 3 और शव बरामद

मथुरा. उत्तरप्रदेश के मथुरा के वृंदावन में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है, रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 3 और शव बरामद किए गए हैं, जिसके बाद मृतकों की संख्या 15 हो गई है।

हादसा 10 अप्रैल को केसी घाट के पास हुआ था, जब यमुना नदी में चल रहा एक स्टीमर पांटून पुल से टकराकर पलट गया और उसमें सवार लोग नदी में गिर गए।

बताया जा रहा है कि पंजाब के लुधियाना से 30 से ज्यादा श्रद्धालुओं का एक दल बांके बिहारी मंदिर के दर्शन के लिए आया था, उसी दौरान यह हादसा हो गया।

घटना के बाद तुरंत पुलिस, गोताखोरों, एनडीआरएफ और सेना की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार, हादसे की एक वजह पांटून पुल की खराब स्थिति और उस पर चल रहा मरम्मत कार्य भी हो सकता है, फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

घटनास्थल पर प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है, वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *