लखनऊ. नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली अभिनेता मनोज बाजपेयी की आगामी वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ के टाइटल को लेकर विवाद तेज हो गया है और इस पर सियासी प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने वेब सीरीज के नाम पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सरकार से इसे प्रतिबंधित करने की मांग की है।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह बेहद दुख और चिंता की बात है कि फिल्मों और अन्य माध्यमों में ‘पंडित’ शब्द को घूसखोर जैसे आरोपों से जोड़कर पूरे देश में अपमानित किया जा रहा है, जिससे ब्राह्मण समाज में रोष व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि ऐसी जातिसूचक वेब सीरीज पर केंद्र सरकार को तुरंत प्रतिबंध लगाना चाहिए और इसे लेकर लखनऊ पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज करना उचित कदम है।
बताया जा रहा है कि इस वेब सीरीज में मनोज बाजपेयी एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन टाइटल को लेकर ब्राह्मण समाज और कई संगठनों ने नाराजगी जताई है।
संगठनों का कहना है कि इस तरह का नाम पूरे समुदाय को भ्रष्टाचार से जोड़कर पेश करता है, जो समाज में गलत संदेश देता है और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाता है।

