कांशीराम जयंती पर मायावती का नमन, समर्थकों को दिया बहुजन एकता और सत्ता हासिल करने का संदेश

लखनऊ.Mayawati ने Kanshi Ram की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से अपने समर्थकों को एक खास संदेश दिया है। उन्होंने लिखा कि बहुजन समाज पार्टी के जन्मदाता और संस्थापक मान्यवर कांशीराम जी को उनकी जयंती पर उनके और उनके नेतृत्व में Uttar Pradesh सहित पूरे देश में मौजूद अनुयायियों की ओर से शत-शत नमन और श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है।

मायावती ने कहा कि कांशीराम जी ने परमपूज्य B. R. Ambedkar की सोच और आंदोलन को पूरे देश में जीवित रखने का काम किया और उनके कारवां को आगे बढ़ाते हुए बहुजन समाज को सत्ता की मंजिल तक पहुंचाने के मिशन के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने इस मिशन को आगे बढ़ाने के लिए लगातार संघर्ष किया और बहुजन समाज को संगठित करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

उन्होंने आगे कहा कि जाति के आधार पर बंटे और कमजोर किए गए लोगों को बहुजन समाज की एकता में जोड़ने के लिए कांशीराम का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए बहुजन समाज पार्टी के सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति के आंदोलन को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया गया है। मायावती ने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक तन, मन और धन से इस आंदोलन को मजबूत बनाएं और चुनावी सफलता के लिए पूरी ताकत के साथ जुटें।

अपने संदेश में उन्होंने बहुजन समाज से अपील की कि वे बहुजन समाज पार्टी के आंदोलन से जुड़कर मिशनरी और ईमानदार अम्बेडकरवादी बनें और अपने वोट की ताकत से सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करें। उन्होंने कहा कि जब सत्ता मिलेगी तभी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा संविधान में बहुजनों के हित, कल्याण, उत्थान और आत्मसम्मान के लिए दिए गए अधिकारों को जमीन पर सही मायने में लागू किया जा सकेगा।

मायावती ने कहा कि यही मान्यवर कांशीराम का मिशन और जीवन संदेश भी था, जिसके माध्यम से बहुजन समाज को गुलामी और लाचारी भरे जीवन से मुक्ति दिलाकर रोटी-रोजी और सम्मान के साथ खुशहाल जीवन दिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *