MBA छात्रा हत्याकांड: प्रेमी की दरिंदगी ने झकझोरा शहर, पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे

इंदौर। शहर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में हुई एमबीए छात्रा की हत्या ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। इस सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार आरोपी पियूष पुलिस पूछताछ में एक के बाद एक हैरान करने वाले खुलासे कर रहा है। जांच के दौरान सामने आया है कि घटना से पहले युवती आरोपी के साथ उसके कमरे की ओर जाती हुई सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दी थी, जिससे दोनों के साथ होने की पुष्टि हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी और युवती पहले से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच संबंध भी थे। घटना वाले दिन दोनों साथ कमरे पर पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ। यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर रस्सी से गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी तुरंत मौके से नहीं भागा, बल्कि कुछ समय तक वहीं रुका रहा और फिर कमरे को बंद कर फरार हो गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी घटना के बाद मुंबई चला गया। पुलिस का कहना है कि वहां उसने कथित तौर पर तांत्रिक क्रियाएं करने की बात कबूल की और दावा किया कि वह युवती की आत्मा से बात करना चाहता था। आरोपी के बयानों ने इस मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी को अपने किए पर कोई पछतावा नजर नहीं आ रहा। मीडिया के सवालों पर उसने लापरवाही भरा रवैया दिखाते हुए कहा कि जो होना था हो गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की हर कड़ी को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *