इंदौर में MD ड्रग्स का खेल, ग्राफिक्स डिजाइनर निकला नशे का सौदागर

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में नशे के कारोबार का जाल लगातार फैलता जा रहा है, जहां अब पढ़े-लिखे युवा भी जल्दी पैसे के लालच में इस गोरखधंधे में उतर रहे हैं, ताजा मामले में क्राइम ब्रांच ने एक ग्राफिक्स डिजाइनर को गिरफ्तार किया है, जो एक्टिवा की डिक्की में MD ड्रग्स छुपाकर शहर में बेच रहा था।

क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि सपना-संगीता चौराहे के पास एक युवक संदिग्ध हालत में घूम रहा है, पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो युवक घबरा गया, शक के आधार पर उसे रोका गया और तलाशी ली गई, जिसमें उसकी एक्टिवा की डिक्की से 12.87 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपए आंकी गई है, आरोपी की पहचान मोहम्मद अजीम निवासी सदर बाजार के रूप में हुई है, जो 12वीं तक पढ़ा है और ग्राफिक्स डिजाइनिंग का काम करता था, लेकिन ज्यादा पैसा कमाने के लालच में उसने नशे का कारोबार शुरू कर दिया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह सस्ते में एमडी खरीदकर शहर के नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचता था, पुलिस ने उसके पास से ड्रग्स के साथ मोबाइल फोन और एक्टिवा भी जब्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई जा रही है।

इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और अब पुलिस आरोपी के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे नशा कौन सप्लाई कर रहा था और किन-किन लोगों तक यह जहर पहुंचाया जा रहा था, अधिकारियों का कहना है कि इंदौर में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस धंधे से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *