रिहायशी इलाके में मेडिकल बायो वेस्ट का ढेर, शहडोल के बुढार में सड़क बनी डंपिंग ग्राउंड, इंसान और गोवंश दोनों खतरे में

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के बुढार नगर से एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था और जिम्मेदारी दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोपालपुर मार्ग पर स्थित हनुमान मंदिर के ठीक बगल में सड़क किनारे खुलेआम मेडिकल बायो वेस्ट फेंका गया है, जो अब रिहायशी इलाके में संक्रमण का बड़ा खतरा बन चुका है।

सड़क पर पड़े इस कचरे में इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन, सुइयां, दवाइयों की शीशियां और अन्य खतरनाक मेडिकल अपशिष्ट शामिल हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि आसपास घूम रहे गोवंश इस कचरे को चारे की तरह खा रहे हैं, जो उनके लिए जानलेवा साबित हो सकता है। खुले में पड़ा यह मेडिकल कचरा न सिर्फ पर्यावरण को दूषित कर रहा है, बल्कि इंसानों और बेजुबान पशुओं की जान से भी खिलवाड़ कर रहा है।

स्थानीय निवासी नरेंद्र तिवारी ने बताया कि सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान उनकी नजर इस खतरनाक मंजर पर पड़ी। मंदिर के पास सड़क किनारे मेडिकल कचरे का ढेर देखकर वे हैरान रह गए। आसपास कई मवेशी उसी कचरे के बीच घूम रहे थे और उसे खा रहे थे। उन्होंने इसे बेहद गंभीर लापरवाही बताते हुए तुरंत प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार बुढार नगर में कई निजी क्लिनिक संचालित हैं और आशंका है कि वहीं से निकलने वाला मेडिकल अपशिष्ट बिना किसी उचित निस्तारण के खुले में फेंका जा रहा है। रिहायशी इलाके में इस तरह बायो वेस्ट फेंके जाने से संक्रमण फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जिम्मेदार क्लिनिक संचालकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो और लोगों की सेहत सुरक्षित रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *