शाजापुर। मध्यप्रदेश के शाजापुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग को पहले जाल में फंसाया गया और फिर वीडियो कॉल के जरिए ब्लैकमेल कर लाखों रुपये वसूले गए।
पीड़ित बुजुर्ग ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें बताया कि साल 2023 में ग्राम भरड़ के एक शिव मंदिर में उसकी मुलाकात एक महिला से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हो गई।
धीरे-धीरे यह बातचीत वीडियो कॉल तक पहुंच गई, जिसे आरोपियों ने रिकॉर्ड कर लिया और फिर उसी वीडियो के आधार पर बुजुर्ग को बदनाम करने और झूठे बलात्कार केस में फंसाने की धमकी दी जाने लगी।
बदनामी के डर से बुजुर्ग ने पहले छोटी रकम दी, लेकिन बाद में आरोपियों ने लगातार दबाव बनाकर उससे 5 से 7 लाख रुपये और फिर किस्तों में कुल करीब 33 लाख रुपये तक ऐंठ लिए।
इतना ही नहीं आरोपियों ने और 20 लाख रुपये की मांग करते हुए जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी, जिसके बाद परेशान होकर बुजुर्ग ने पुलिस का सहारा लिया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

