मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के शासकीय हाई स्कूल भटिगवां में गणतंत्र दिवस के दिन बच्चों को कागज के पन्नों पर मिड-डे मील परोसने का मामला प्रशासन के लिए भारी पड़ गया। इस लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया और अब इस मामले में सख्त कार्रवाई की गई है। रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद ने स्कूल के प्रभारी प्राचार्य सुनील कुमार त्रिपाठी को निलंबित कर दिया है।
गणतंत्र दिवस के मौके पर बच्चों को थाली की जगह कागज पर हलुआ और पूड़ी परोसी गई थी, जिसका वीडियो सामने आने के बाद शासन की जमकर किरकिरी हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मैहर कलेक्टर ने प्राचार्य के निलंबन का प्रस्ताव कमिश्नर को भेजा था। इसके बाद कमिश्नर कार्यालय की ओर से प्रभारी प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर जवाब मांगा गया, लेकिन तय समय सीमा के बावजूद उन्होंने कोई जवाब देना जरूरी नहीं समझा।
प्रशासन ने इस चुप्पी और लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई कर दी। आदेश में साफ कहा गया है कि प्रभारी प्राचार्य की लापरवाही के कारण विद्यालय में अव्यवस्था की स्थिति बनी और शासन-प्रशासन की छवि धूमिल हुई। यह कृत्य शासकीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही और स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है, जो मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम 1965 के नियम 3 के विपरीत है और गंभीर कदाचरण की श्रेणी में आता है।
निलंबन अवधि के दौरान सुनील कुमार त्रिपाठी का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सतना निर्धारित किया गया है। साथ ही नियमों के तहत उन्हें निलंबन काल में जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही को लेकर प्रशासन का सख्त संदेश साफ नजर आ रहा है।

