इंदौर। मध्यप्रदेश के वरिष्ठ मंत्री Kailash Vijayvargiya का एक अलग ही अंदाज सामने आया है। भगोरिया उत्सव में आदिवासी समाज के साथ पारंपरिक नृत्य करते हुए उनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
बताया जा रहा है कि जिस दिन राज्य की अहम कैबिनेट बैठक आयोजित थी, उस दिन मंत्री विजयवर्गीय उसमें शामिल नहीं हुए थे। इसी बीच उनका भगोरिया पर्व में शामिल होकर आदिवासी अंचल में नृत्य करते हुए वीडियो सामने आ गया, जिसने राजनीतिक हलकों में सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, भगोरिया मालवा-निमाड़ क्षेत्र का प्रमुख आदिवासी उत्सव है, जो होली से पहले बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए और स्थानीय लोगों के साथ जमकर थिरकते दिखे। ढोल-मांदल की थाप पर मंत्री का यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आया, वहीं विपक्ष को मुद्दा भी मिल गया।
अब एक तरफ समर्थक इसे आदिवासी संस्कृति से जुड़ाव और सहभागिता बता रहे हैं, तो दूसरी ओर कैबिनेट बैठक से गैरहाजिरी को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। भगोरिया के रंग में रंगे मंत्री का यह वीडियो फिलहाल प्रदेश की राजनीति में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

