प्रेसवार्ता में मंत्री नारायण कुशवाह की जुबान फिसली, पूर्व सरकारों का कार्यकाल बताया बेकार

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार के दो साल पूरे होने पर शाजापुर पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह की प्रेसवार्ता उस वक्त सुर्खियों में आ गई, जब मंच से उनकी जुबान फिसल गई. जवाब देते हुए मंत्री ने अपनी ही पूर्व सरकारों के कार्यकाल को बेकार बता दिया. बयान सामने आते ही इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई.

सवाल के जवाब में फिसला बयान
दरअसल पत्रकारों ने जब सिर्फ दो साल के कार्यकाल पर प्रेसवार्ता करने को लेकर सवाल किया, तो जवाब देते हुए मंत्री कुशवाह ने पूर्व की सरकारों के कामों पर ही सवाल खड़े कर दिए. इसी दौरान प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सिवनी, रायसेन और मल्हारगढ़ की घटनाओं का जिक्र हुआ, जहां मंत्री की जुबान एक बार फिर फिसली और उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने जब यह घटनाएं आई थीं, तब उन्होंने सख्त कार्रवाई की थी.

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी हलचल
मंत्री के इस बयान का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. लोग इसे लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और राजनीतिक हलकों में भी बयान की खूब चर्चा हो रही है.

दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं
दरअसल प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने मध्यप्रदेश सरकार के दो साल पूरे होने पर कलेक्टर कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की थी. इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियां और विकास कार्यों का जिक्र किया. कार्यक्रम में कलेक्टर समेत जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, लेकिन मंत्री की जुबान फिसलने वाला बयान ही सबसे ज्यादा सुर्खियों में आ गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *