शिवपुरी। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की किसान न्याय यात्रा इन दिनों पूरे जोश में चल रही है। इसी सिलसिले में यह यात्रा पहुंची केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़, शिवपुरी। शहर के गांधी पार्क में जबरदस्त जनसभा हुई, और मंच से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सिंधिया पर तीखा सियासी हमला बोला।
जीतू पटवारी ने कहा — “आज शिवपुरी-गुना के सांसद और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को रात में नींद नहीं आने वाली। जब वो कांग्रेस छोड़कर गए थे, तब उन्हें लगा था कि शिवपुरी में कांग्रेस का झंडा उठाने वाला कोई नहीं रहेगा। लेकिन आज देखिए — पूरा शहर कांग्रेस के बैनर और पोस्टरों से पट गया है!”
सभा के दौरान पटवारी ने सिंधिया पर एक और वार किया। उन्होंने कहा — “जब सिंधिया कांग्रेस में थे, तो जरा-जरा सी बात पर सड़कों पर उतरने की धमकी देते थे। लेकिन अब जब किसान से लेकर हर वर्ग पर अत्याचार हो रहा है, तो वो भाजपा के खिलाफ एक शब्द तक नहीं बोल पा रहे हैं।”
शिवपुरी की सड़कों पर कांग्रेस के झंडों की भीड़ और पटवारी के तीखे तेवरों ने माहौल को पूरी तरह चुनावी बना दिया है। किसान न्याय यात्रा जहां-जहां पहुंच रही है, वहां सत्ता और विपक्ष दोनों में हलचल तेज होती जा रही है।

