मिशन अस्पताल जमीन घोटाला, 50 करोड़ से ज्यादा की जमीन मामले में फरार सुधीर जैन इंदौर से गिरफ्तार

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में बहुचर्चित मिशन अस्पताल जमीन घोटाले में बड़ी कार्रवाई हुई है। करीब 50 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की जमीन को खुर्दबुर्द करने के मामले में साल 2022 से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुधीर जैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुखबिर की सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की।

मामला नौगांव थाने में दर्ज है, जहां आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। सर्वे नंबर 770, रकबा 0.493 हेक्टेयर शासकीय भूमि, जिसे ऐतिहासिक रूप से मिशन के महिला अस्पताल संचालन के लिए दिया गया था, उसके कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अवैध नामांतरण, लीज और विक्रय किए जाने का आरोप है। शासकीय अभिलेखों में अनियमित प्रविष्टियां कर भूमि हस्तांतरण की साजिश रची गई थी, जिसमें सुधीर जैन की भूमिका प्रमुख बताई गई है।

पुलिस कप्तान एवं डीआईजी मयंक अवस्थी के निर्देश पर लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा था। साइबर सेल प्रभारी प्रशांत गुंजाल को मिली सूचना के आधार पर आरोपी को इंदौर से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस बहुचर्चित जमीन घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *