बेटे की कार से घायल व्यक्ति को देखने अस्पताल पहुंचीं विधायक कंचन तनवे

 खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा में भाजपा विधायक कंचन तनवे के बेटे की कार से हुए हादसे के बाद मानवता की मिसाल देखने को मिली, जब विधायक खुद घायल व्यक्ति का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचीं। विधायक लिखी कार की बाइक सवार से टक्कर हो गई थी, जिसमें कलीम नामक युवक घायल हो गया और उसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक कंचन तनवे अपने पति मुकेश तनवे के साथ अस्पताल पहुंचीं और घायल से बातचीत कर उसकी स्थिति जानी।

विधायक ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों से चर्चा कर घायल को बेहतर से बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए। मीडिया से बातचीत में कंचन तनवे ने बताया कि उनका बेटा घर से कार की सर्विसिंग कराने के लिए शोरूम जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन रास्ते में यह दुर्घटना हो गई। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा रही कि कोई जनहानि नहीं हुई और घायल को सिर्फ मामूली चोटें आई हैं।

विधायक ने जानकारी दी कि घायल की सभी मेडिकल रिपोर्ट सामान्य हैं और वह खतरे से बाहर है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें हादसे की जानकारी देर से मिली थी, वह बाहर थीं, लेकिन समय निकालकर आज अस्पताल पहुंचकर खुद स्थिति देखी। विधायक ने यह भी बताया कि उनका बेटा भी पूरी तरह सुरक्षित है।

गौरतलब है कि शनिवार रात पंधाना रोड पर सब्जी मंडी के पास यह हादसा हुआ था, जब विधायक लिखी कार की टक्कर से बाइक सवार कलीम घायल हो गया। कलीम के पैर में चोट आई है, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे के वक्त कार में विधायक का बेटा लक्की तनवे भी मौजूद था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *