मोबाइल की रील बनी जानलेवा, जिगरी दोस्त ने डंडे से पीट-पीटकर कर दी हत्या

ग्वालियर। मोबाइल पर रील देखने की लत अब खतरनाक रूप लेती जा रही है। ग्वालियर से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने मोबाइल को लेकर हुए विवाद में अपने ही जिगरी दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने अपने दोस्त के हाथ से मोबाइल छीन लिया था। इसी बात से गुस्साए आरोपी ने डंडा उठाकर दोस्त के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नंगे पैर जंगल की ओर भाग गया, लेकिन पुलिस ने उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया।

दरअसल यह घटना मुरैना जिले के न्यू आमपुरा निवासी 36 वर्षीय ऋषिकेश सिकरवार और उसके दोस्त दीपक शाक्य के बीच हुई। दोनों जिगरी दोस्त थे और रविवार को मोहना इलाके में ढाबे पर काम करने के इरादे से घर से निकले थे। दोनों पहले ट्रेन से ग्वालियर पहुंचे और वहां से बस के जरिए मोहना पहुंचे। शाम के समय दोनों मोहना बाइपास पर बैठे और शराब पीने लगे। इसके बाद दोनों ने ढाबे पर खाना खाया और वहीं बैठकर बातचीत करने लगे।

इसी दौरान दीपक अपने मोबाइल पर रील देखने लगा। तभी ऋषिकेश ने मजाक में या नाराजगी में उसका मोबाइल छीनकर अपनी जेब में रख लिया। यह बात दीपक को नागवार गुजर गई। दोनों पहले से ही शराब के नशे में थे, ऐसे में मोबाइल वापस देने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद इतना बढ़ गया कि दीपक ने गुस्से में आकर सड़क किनारे पड़ा एक डंडा उठा लिया और ऋषिकेश के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने से ऋषिकेश वहीं गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे बाइपास इलाके में सनसनी फैल गई।

वारदात के बाद आरोपी दीपक वहां से नंगे पैर जंगल की ओर भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में पुलिस ने आरोपी को तलाश कर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने मृतक ऋषिकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी दीपक शाक्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *