RSS शताब्दी वर्ष में मोहन भागवत का भोपाल प्रवास, 2–3 जनवरी को युवाओं, प्रमुखजनों और विभिन्न वर्गों से करेंगे सीधा संवाद

भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत 2 और 3 जनवरी को भोपाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद करेंगे और चार महत्वपूर्ण बैठकों को संबोधित करेंगे। संघ अपने स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित कर रहा है और इसी क्रम में भोपाल में युवाओं, प्रमुख नागरिकों, सामाजिक प्रतिनिधियों और मातृशक्ति से सीधा संवाद किया जाएगा।

2 जनवरी को सुबह कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में युवा संवाद कार्यक्रम होगा, जिसमें मध्य भारत प्रांत के 31 जिलों से चयनित प्रतिभाशाली युवा शामिल होंगे। इस दौरान डॉ. मोहन भागवत युवाओं से राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों पर चर्चा करेंगे। शाम को रवीन्द्र भवन के हंस ध्वनि सभागार में प्रमुखजन गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें भोपाल विभाग के सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, व्यावसायिक और बौद्धिक क्षेत्र से जुड़े प्रमुख नागरिक भाग लेंगे और समकालीन परिस्थितियों व संघ के शताब्दी वर्ष के महत्व पर संवाद होगा।

3 जनवरी को सुबह कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में सामाजिक सद्भाव बैठक आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके बाद शाम को शक्ति संवाद कार्यक्रम के तहत भोपाल की प्रमुख महिलाओं से संवाद किया जाएगा, जहां राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर विशेष चर्चा होगी। यह पूरा दौरा संघ के शताब्दी वर्ष में समाज की सज्जन शक्ति को जोड़ने और संगठित व सशक्त भारत के संकल्प को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *