भोपाल. मध्यप्रदेश में भावांतर योजना 2025 के तहत सोयाबीन किसानों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है, जहां सरकार ने आज सोयाबीन का नया मॉडल रेट 4237 रुपए प्रति क्विंटल घोषित कर दिया है। यह रेट उन किसानों पर लागू होगा जिन्होंने अपनी उपज को मंडियों में विक्रय किया है। इसी मॉडल रेट के आधार पर भावांतर की राशि की गणना की जाएगी, जो सीधे किसानों के खाते में पहुंचाई जाएगी। सरकार का साफ कहना है कि सोयाबीन किसानों को किसी भी हाल में 5328 रुपए प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य पूरा मिलेगा।
इससे पहले 7 नवंबर को मॉडल रेट 4020 रुपए प्रति क्विंटल जारी हुआ था, जो रोजाना बढ़ते हुए 23 और 24 नवंबर को 4282 रुपए तक पहुंचा। उसके बाद यह रेट 4277, 4265, 4252, 4260 और 29 नवंबर को 4240 रुपए पर स्थिर रहा। आज जारी किया गया नया मॉडल रेट किसानों के लिए राहत लेकर आया है, जिससे साफ है कि मोहन सरकार सोयाबीन उत्पादकों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

