33 किलो गोमांस के साथ मां-बेटी गिरफ्तार, महाराष्ट्र से लाकर खपाने की थी तैयारी, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

मध्य प्रदेश के पांढुर्ना जिले में पुलिस ने गोमांस तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मां और बेटी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी महिलाएं महाराष्ट्र से अवैध रूप से गोमांस लाकर पांढुर्ना में खपाने की तैयारी कर रही थीं। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 33 किलोग्राम गोमांस बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान मासूम कुरैशी और सिमरन कुरैशी के रूप में हुई है, जो पांढुर्ना के टेकड़ी वार्ड की रहने वाली हैं। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों महिलाएं महाराष्ट्र के वरुड़ क्षेत्र से गोमांस लेकर आ रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने वाडेगांव और कलमगांव के बीच घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

जांच के दौरान पुलिस ने गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में गोमांस के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने बताया कि इसी मार्ग पर पहले भी गोमांस तस्करी से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियां सामने आ चुकी हैं। इसी वजह से इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और यह जांच की जा रही है कि इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क या गिरोह तो सक्रिय नहीं है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में पुलिस जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *