भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा में लंबे समय से चर्चा में चल रहा प्रदेश कार्यकारिणी विस्तार अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है। सूत्र बताते हैं कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जल्द ही अपनी नई टीम घोषित कर सकते हैं, जिसमें निगम-मंडल से लेकर संगठन स्तर तक बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। इस बार कार्यकारिणी में नए सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य और कई नए दायित्वों का विस्तार शामिल होगा।
सबसे अहम बात यह है कि लंबे समय से संगठनात्मक जिम्मेदारियों से दूर चल रहे अनुभवी और वरिष्ठ नेताओं को दोबारा मौका मिलने की पूरी संभावना है। वहीं दूसरी ओर संगठन में पीढ़ी परिवर्तन का स्पष्ट संकेत भी दिखेगा, क्योंकि कई युवा चेहरों को प्रमुख भूमिका दी जा सकती है। सभी नियुक्तियों से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, संगठन महामंत्री और शीर्ष नेताओं की सहमति अनिवार्य होगी।
विंध्य, महाकौशल और बुंदेलखंड अंचल से भी कई नए और पुराने चेहरे कार्यकारिणी का हिस्सा बन सकते हैं, जिसके कारण आने वाले दिनों में भाजपा संगठनात्मक ढांचे में एक बड़ा बदलाव साफ नजर आएगा।

