भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र 2026 के तीसरे दिन बेरोजगारी का मुद्दा सदन में जोरदार तरीके से उठा। विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए सरकार ने बताया कि प्रदेश में कुल 25 लाख 95 हजार बेरोजगार युवा पंजीकृत हैं। यह जानकारी कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह ग्रेवाल के प्रश्न के जवाब में सदन में दी गई।
सरकार के अनुसार इन आंकड़ों में विभिन्न वर्गों के युवा शामिल हैं। ओबीसी वर्ग के लगभग साढ़े दस लाख, सामान्य वर्ग के करीब साढ़े छह लाख और अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के लगभग नौ लाख युवा बेरोजगार श्रेणी में दर्ज हैं। सामान्य वर्ग के युवाओं की हिस्सेदारी कुल बेरोजगारों में लगभग 25 प्रतिशत बताई गई है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि रोजगार पोर्टल पर पंजीकृत आकांक्षी युवाओं की संख्या वर्तमान में 25 लाख 95 हजार है, जबकि वर्ष 2021 के अंत तक यह आंकड़ा 30 लाख 23 हजार तक पहुंच गया था। बजट सत्र के दौरान बेरोजगारी के इन आंकड़ों ने एक बार फिर प्रदेश में रोजगार के मुद्दे को केंद्र में ला दिया है।

