एमपी कांग्रेस को आर्टिस्ट की तलाश, टिकट मांगने वालों की नो एंट्री, दिल से जुड़े तो ही मिलेगी जगह

 भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन अब पार्टी के लिए टैलेंट हंट अभियान शुरू करने जा रहा है, जिसमें म्यूजिशियन, सिंगर, कंपोजर, राइटर जैसे क्रिएटिव आर्टिस्ट की तलाश की जाएगी, लेकिन इस भर्ती में शर्तें भी उतनी ही अनोखी रखी गई हैं। पार्टी ने साफ कर दिया है कि जो लोग टिकट या चुनावी पद की चाह लेकर आएंगे, उन्हें मौका नहीं मिलेगा और केवल वही लोग चुने जाएंगे जिनका दिल पार्टी की विचारधारा से जुड़ा होगा और जो संगठन के काम में समय देने को तैयार होंगे।

एमपी कांग्रेस के संगठन महामंत्री संजय कामले की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि संगठन के लिए ऐसे साथी आमंत्रित हैं जो कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हों, चुनावी प्रक्रिया से दूर रहकर संगठनात्मक कार्य करना चाहते हों और जिला या प्रदेश स्तर पर समय दे सकें। इसके साथ ही साहित्यिक और रचनात्मक कार्यक्रमों के लिए ऐसे लोगों को आमंत्रित किया गया है जो गीत गाते हों, वाद्य यंत्र बजाते हों, विभिन्न विषयों पर लेखन करते हों, कविता, शायरी, मुहावरे और नारे रचते हों या कार्यक्रमों का संचालन कर सकते हों।

आदेश में यह भी बताया गया है कि इच्छुक प्रतिभागी अपने व्यक्तिगत विवरण के साथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में महेंद्र जोशी वरिष्ठ उपाध्यक्ष और ललित सेन प्रभारी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य से संपर्क कर सकते हैं। इन पदों के लिए आने वाले आवेदनों की पहले स्क्रूटनी की जाएगी और इसके बाद योग्य प्रतिभाओं को संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 5 फरवरी 2026 रखी गई है और सभी आयु वर्ग के योग्य साथियों का स्वागत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *