इटारसी। मध्यप्रदेश के इटारसी क्षेत्र से एक अनोखी और भावुक अपील सामने आई है, जहां किसान-कलाकार योगेंद्र पाल सिंह सोलंकी ने विश्व शांति का संदेश देने के लिए पांच घरों से जुटाए आटे से संयुक्त राष्ट्र महासचिव António Guterres की प्रतीकात्मक तस्वीर तैयार की है और इसके जरिए युद्ध रोकने की गुहार लगाई है।
चैत्र मास की पारंपरिक परंपरा को निभाते हुए उन्होंने गेहूं, मक्का, ज्वार, चना और मसूर के आटे का उपयोग कर यह अनूठी कलाकृति बनाई, जो भारतीय संस्कृति और वैश्विक संदेश का संगम बनकर सामने आई है और दुनिया को यह सोचने पर मजबूर करती है कि युद्ध का असर आम लोगों की जिंदगी पर कितना गहरा होता है।
इस कलाकृति के माध्यम से United Nations General Assembly से अपील की गई है कि मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि मानवता सुरक्षित रह सके और विश्व में शांति कायम रह सके।
किसान योगेंद्र पाल सिंह सोलंकी का कहना है कि खाड़ी देशों में चल रहा युद्ध लगातार भयावह होता जा रहा है और अगर इसे नहीं रोका गया तो ऊर्जा संकट गहराएगा, जिससे आम लोगों की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित होगी।
उन्होंने अपनी इस रचना के जरिए चेतावनी दी है कि अगर युद्ध इसी तरह जारी रहा तो हालात ऐसे हो सकते हैं कि लोगों को मजबूरी में कच्चा आटा तक खाना पड़े, इसलिए उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से अपील की है कि तुरंत हस्तक्षेप कर युद्ध को रोका जाए और दुनिया को एक बड़े संकट से बचाया जाए।

