AI समिट के हंगामे पर एमपी में बवाल, कांग्रेस दफ्तर का घेराव और पत्थरबाजी, आरिफ मसूद की स्कूटी वाली तस्वीर चर्चा में

दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के अर्धनग्न प्रदर्शन के बाद मध्य प्रदेश में सियासी संग्राम छिड़ गया है। इस घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यालयों का घेराव किया। भोपाल और इंदौर समेत कई शहरों में जोरदार प्रदर्शन हुए, जिनमें कुछ मीडियाकर्मी भी घायल हो गए।

इंदौर में भाजपा जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे। पुलिस ने हालात को देखते हुए चारों ओर बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर दिए, लेकिन जब दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आए तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पानी की बोतलें, टमाटर और पत्थर चलने लगे। इस झड़प में एक मीडियाकर्मी घायल हो गया। बाद में पुलिस ने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को मच्छी बाजार चौराहे पर रोक दिया और दोनों पक्षों को दूर रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच भोपाल में एक अलग ही तस्वीर सामने आई। प्रदर्शन के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता भीड़ के बीच गलती से कांग्रेस कार्यालय के बाहर पहुंच गया। ऐसे में कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने उसे अपनी स्कूटी पर बैठाकर भाजपा के प्रदर्शन स्थल तक छोड़ दिया। यह दृश्य मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

बताया जा रहा है कि भोपाल संभाग के सीहोर, विदिशा, राजगढ़, रायसेन और नर्मदापुरम जिलों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। एआई समिट में हुए हंगामे की गूंज अब सड़कों पर दिखाई दे रही है और प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *