सागर। मध्यप्रदेश की बेटी यामिनी मौर्य ने चीन में तिरंगा लहराकर पूरे देश का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। हांगकांग में आयोजित एशियन जूडो चैंपियनशिप में यामिनी ने कमाल का खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और दुनिया को बता दिया कि भारत की बेटियां किसी से कम नहीं। सागर जिले की इस होनहार जूडो खिलाड़ी ने टूर्नामेंट के सभी चार मुकाबले जीतते हुए सीधे फाइनल तक का सफर तय किया और वहां कोरिया की खिलाड़ी को कड़े संघर्ष में मात देकर गोल्ड मेडल हासिल किया। 57 किलोग्राम वेट कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली यामिनी ने अपने दमदार प्रदर्शन से ना सिर्फ मध्यप्रदेश बल्कि पूरे भारत का मान एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर ऊँचा कर दिया। उनकी इस उपलब्धि से सागर जिले में जश्न का माहौल है, खेल जगत और जिले के लोगों ने उनकी इस शानदार सफलता पर अपार गर्व जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

