मध्यप्रदेश की बेटी क्रांति गौड़ ने देश का नाम रोशन किया है और अब उन्हें मिला है वो सम्मान, जिसकी वे हकदार थीं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छतरपुर की रहने वाली भारतीय महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ को एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया है। सीएम ने कहा — “हमारी बेटियों ने विश्व मंच पर भारत का परचम लहराया है। ये विजय नए भारत की नारी शक्ति की नई उड़ान है।”
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के नए भवन का लोकार्पण करने पहुंचे थे, जहां उन्होंने यह बड़ी घोषणा की। उन्होंने न सिर्फ क्रांति गौड़ की तारीफ की, बल्कि पूरी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपलब्धि को “देश के लिए गौरव का क्षण” बताया।
सोशल मीडिया पर भी सीएम मोहन यादव ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया — “बेटियों ने लहराया भारत का परचम! आईसीसी महिला विश्व कप 2025 भारत के नाम कर मां भारती को गौरवान्वित करने वाली बीसीसीआई महिला टीम को हार्दिक बधाई। यह विजय नए भारत की नारी शक्ति की नई उड़ान है। जय हो!”
क्रांति गौड़ की कहानी वाकई प्रेरणादायक है। छतरपुर जिले के छोटे कस्बे घुवारा में जन्मी क्रांति के पिता एक रिटायर्ड पुलिस कांस्टेबल हैं और परिवार में छह भाई-बहन हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को पंख दिए और महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया।
भारत की इस तेज गेंदबाज ने 8 मैचों में 9 विकेट लेकर टीम को खिताब तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश और देश के लिए गर्व की बात है।
आज मुख्यमंत्री की घोषणा के साथ, यह साफ हो गया है कि मध्यप्रदेश में बेटियों की मेहनत और संघर्ष को न सिर्फ सराहा जा रहा है, बल्कि उसे सम्मान भी दिया जा रहा है। क्रांति की यह उपलब्धि अब आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बन चुकी है।

