भोपाल। मध्यप्रदेश की बेटी और पहलवान प्रियांशी प्रजापत अल्बानिया से सुरक्षित भारत लौट आई हैं। अल्बानिया के तिराना शहर में आयोजित वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप रैंकिंग सीरीज़ में हिस्सा लेने गई प्रियांशी की सुरक्षित वापसी के लिए मोहन यादव ने उच्च स्तरीय प्रयास किए। उनके प्रयासों के बाद खिलाड़ी सुरक्षित स्वदेश लौट सकीं, जिस पर प्रियांशी के माता-पिता ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रियांशी को प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन और रजत पदक जीतने पर बधाई भी दी। उन्होंने उज्जैन में रहने वाले प्रियांशी के परिवार से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की। इस दौरान प्रियांशी के पिता ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद जताया।
बताया जा रहा है कि 24 फरवरी से 28 फरवरी तक अल्बानिया के तिराना में आयोजित वर्ल्ड रेसलिंग प्रतियोगिता में प्रियांशी ने 26 फरवरी को मुकाबला जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने कज़ाकिस्तान, अमेरिका और अल्बानिया की पहलवानों को हराकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इससे पहले भी वह एशियन सीरीज़ में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर चुकी हैं।
मध्य-पूर्व एशिया में बढ़ते तनाव के कारण प्रियांशी और उनके साथ गए अन्य खिलाड़ी कुछ समय के लिए वहीं फंस गए थे। ऐसे मुश्किल समय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रयास किए और हर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए। बताया जाता है कि जब वे मध्यप्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष थे, तब भी उन्होंने प्रियांशी को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देकर प्रोत्साहित किया था।

