जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में शंका समाधान प्रणेता मुनि 108 श्री प्रमाणसागर जी महाराज के सानिध्य में भव्य “भावना योग” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन पंडित रवि शंकर स्टेडियम में हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोग भावना योग में शामिल हुए और इस साधना का अनुभव किया।
इस अवसर पर मुनि 108 श्री प्रमाणसागर जी महाराज ने कहा कि भावना योग कोई धार्मिक क्रिया नहीं है, बल्कि यह जीवन का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने लोगों से इसे अपनाने की अपील करते हुए कहा कि भावना योग से शारीरिक और मानसिक शक्ति बढ़ती है और व्यक्ति अपने जीवन को सफल, स्वस्थ और सुखी बना सकता है।
मुनि श्री ने बताया कि भावना योग के परिणाम बेहद सकारात्मक रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन गर्भवती महिलाओं ने भी भावना योग को अपनाया है, उनमें चमत्कारिक बदलाव देखने को मिले हैं, जो इसके प्रभाव को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। इसी कारण हर व्यक्ति को भावना योग को अपने जीवन में शामिल करना चाहिए।
पंडित रवि शंकर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, भाजपा विधायक अशोक रोहानी, विधायक अभिलाष पांडे, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

