शिवपुरी में नपा टीम पर हमला, शासकीय शौचालय तोड़ने से रोकने पर कर्मचारियों से मारपीट

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए, जहां सरकारी शौचालय को तोड़कर अतिक्रमण कर रहे लोगों को रोकने पहुंची नगर पालिका टीम पर हमला कर दिया गया। मामला देहात थाना क्षेत्र के महल सराय आदिवासी बस्ती का है।

बताया जा रहा है कि शासकीय शौचालय में तोड़फोड़ की शिकायत मिलने के बाद नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। नपा अतिक्रमण दस्ता प्रभारी अशोक खरे के अनुसार जब टीम ने शौचालय तोड़ रहे लोगों को रोका तो उन्होंने कर्मचारियों पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की।

घटना के बाद घायल कर्मचारी देहात थाने पहुंचे और शिकायती आवेदन दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। बावजूद इसके अब तक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज न किए जाने को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

नगर पालिका की ओर से मामले में कार्रवाई की मांग की गई है और पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और आरोपियों पर कब तक सख्त कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *