शिवपुरी। शिवपुरी के करेरा थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर में लूट की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने आरक्षक की मां की बेरहमी से हत्या कर दी। रात के अंधेरे में बदमाश सरिया से हमला करके महिला को मौत के घाट उतार कर जेवर लेकर फरार हो गए। सुबह जब पति ने पत्नी को चारपाई पर खून से लथपथ देखा तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों—बल्लू उर्फ नंदराम रावत और जयराम पुरी—को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी रामू बघेल अभी भी फरार है। पकड़े गए आरोपियों से कुछ लूटे हुए जेवर भी बरामद कर लिए गए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपियों को शक था कि परिवार ने धान की फसल बेचने के बाद पैसे घर पर रखे हैं। इसी लालच में वे रात में घर में घुसे, लेकिन महिला की आंख खुल गई। उसने एक आरोपी को पहचान लिया, जिसके बाद पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने सरिया से उसकी हत्या कर दी। घर में पैसा न मिला तो वे जेवर और थोड़ी नकदी उठाकर भाग निकले।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने वारदात कबूल करते हुए बताया कि यह पूरी योजना उन्होंने अपने फरार साथी रामू के साथ मिलकर बनाई थी। पुलिस टीम तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

