चंदौली। जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के प्रभुपुर गांव के सिवान में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चार दिनों से लापता एक युवक का शव संदिग्ध हालात में कुएं के अंदर मिला। शव मिलने की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान प्रभुपुर गांव निवासी उमाशंकर खरवार के 19 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक प्रिंस कुमार सोमवार देर रात घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो 19 जनवरी को बलुआ थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
गुरुवार सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर गए तो एक कुएं से तेज दुर्गंध आने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और कुएं में झांकने पर शव दिखाई दिया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान प्रिंस कुमार के रूप में की, जिसके बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक तरुण भार्गव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया, पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चरी भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक नशे का आदी था, लेकिन उसकी मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

