गौ माता पर अत्याचार के खिलाफ मुस्लिम समाज सड़कों पर, राष्ट्रीय पशु घोषित करने की उठी मांग

भोपाल। मध्य प्रदेश में बढ़ते गोकशी के मामलों और भोपाल के स्लॉटर हाउस से गाय के मांस मिलने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है, अब इन घटनाओं के विरोध में मुस्लिम समाज भी सड़कों पर उतर आया है।

मंगलवार को आल इंडिया मुस्लिम कमेटी ने राजधानी में प्रदर्शन करते हुए ‘गोवंश के सम्मान में मुस्लिम मैदान में’ जैसे नारे लगाए और गौ माता पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज बुलंद की, साथ ही गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग भी रखी।

प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने प्रदेश में लगातार सामने आ रही घटनाओं पर चिंता जताई और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की, उनका कहना है कि गौवंश के साथ हो रहे अत्याचार किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किए जा सकते।

दरअसल, 17 दिसंबर को जहांगीराबाद इलाके में एक संदिग्ध कंटेनर पकड़ा गया था, जिसमें करीब 26 टन मांस मुंबई भेजा जा रहा था, जिसकी शुरुआती जांच में गोमांस होने की पुष्टि हुई थी और इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

वहीं हाल ही में भोपाल के काली मंदिर के पास बोरी में गाय के बछड़े का शव मिलने से भी लोगों में आक्रोश फैल गया था, जिसके विरोध में संगठनों ने चक्का जाम कर जमकर प्रदर्शन किया।

इसके अलावा टीकमगढ़ के बल्देवगढ़ क्षेत्र में भी एक कुएं से बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने की घटना ने माहौल को और संवेदनशील बना दिया है।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच अब मुस्लिम समाज का सड़कों पर उतरना इस मुद्दे को और बड़ा बना रहा है, जिससे प्रदेश में कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *