कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक शासकीय स्कूल की जर्जर दीवार गिरने से पांचवीं कक्षा के मासूम छात्र की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि यह हादसा बमहनगवां स्थित शासकीय स्कूल में मंगलवार को हुआ। स्कूल परिसर में अचानक एक पुरानी और कमजोर दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में कक्षा 5वीं का छात्र राजकुमार बर्मन आ गया। दीवार गिरते ही अफरा-तफरी मच गई और बच्चे दहशत में इधर-उधर भागने लगे। राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसके सिर से तेजी से खून बहने लगा।
घटना के तुरंत बाद स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों की मदद से उसे विजयराघवगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने मासूम को बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन सिर पर गहरी चोट लगने के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक थी और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि स्कूल भवन की हालत लंबे समय से जर्जर थी, लेकिन जिम्मेदार विभाग और स्कूल प्रबंधन ने समय रहते मरम्मत नहीं कराई। अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर इतनी बड़ी लापरवाही क्यों बरती गई और इस मासूम की जान का जिम्मेदार कौन है।

