इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल मंगुभाई पटेल की व्यवस्था में लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। मामले में छह अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, वहीं रेजीडेंसी कोठी में सेवाएं दे रही सर्विस प्रोवाइडर कंपनी रतन एम्पोरियम को हटा दिया गया है।
बताया जा रहा है कि 16 फरवरी को राज्यपाल के रात्रि विश्राम के दौरान प्रोटोकॉल और स्वच्छता मानकों का उचित पालन नहीं किया गया। इस संबंध में शिकायत कलेक्टर शिवम वर्मा को मिली थी। एडिशनल कलेक्टर रोशन राय के अनुसार कर्मचारियों के व्यवहार और व्यवस्थाओं में कमी को लेकर गंभीर आपत्ति दर्ज की गई, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
जिन अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है उनमें डिप्टी कलेक्टर सीमा कनेश मौर्य, तहसीलदार रोशन सोनी, श्रम निरीक्षक संजय पाटिल, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अजय अस्थाना, सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी और सिविल सर्जन डॉ. जीएल सोढ़ी शामिल हैं। साथ ही संबंधित कंपनी के लंबित भुगतान से भी कटौती किए जाने की बात कही गई है।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल इंदौर स्थित Devi Ahilya Vishwavidyalaya के दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। घटना के बाद प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर सख्ती बढ़ा दी है।

