बॉलीवुड सिंगर नेहा कक्कड़ इन दिनों पति रोहनप्रीत सिंह के साथ तलाक की अफवाहों को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में नेहा ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने जिम्मेदारियों, रिश्तों और काम से ब्रेक लेने की बात कही थी और पपाराजी से दूरी बनाने की अपील की थी। हालांकि यह पोस्ट कुछ ही समय बाद डिलीट कर दी गई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे।
अब नेहा कक्कड़ ने इन अफवाहों पर सफाई देते हुए एक नई इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की है। उन्होंने साफ शब्दों में लोगों से अपील की कि वे इस मामले में उनके पति और परिवार को न घसीटें। नेहा ने लिखा कि उनके पति रोहनप्रीत और उनका परिवार पूरी तरह निर्दोष हैं और वे उनके जीवन के सबसे नेक लोग हैं। आज वे जो कुछ भी हैं, उसमें उनके परिवार के समर्थन की सबसे बड़ी भूमिका है। नेहा ने यह भी कहा कि उनकी नाराजगी किसी और बात को लेकर है, न कि अपने पति या परिवार को लेकर।
नेहा कक्कड़ ने अपनी भावुकता को स्वीकार करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर पोस्ट करते वक्त उन्हें इतना भावुक नहीं होना चाहिए था। इसके साथ ही उन्होंने माफी मांगते हुए लिखा कि वह बहुत ज्यादा भावुक हैं, इसके लिए उन्हें खेद है और वह अपने फैंस का धन्यवाद करती हैं। नेहा ने भरोसा दिलाया कि चिंता करने की जरूरत नहीं है और वह जल्द ही धमाकेदार वापसी करेंगी। इस सफाई के बाद नेहा ने साफ कर दिया है कि तलाक की खबरें महज अफवाह हैं और उनके पति व परिवार को इन चर्चाओं से दूर रखा जाना चाहिए।

