लखनऊ। लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी है। फिलहाल नेहा सिंह राठौर को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। कोर्ट ने इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार और शिकायतकर्ता अभय सिंह को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार और शिकायतकर्ता को नोटिस जारी करते हुए नेहा सिंह राठौर को जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि नेहा सिंह राठौर 19 जनवरी को पुलिस जांच में शामिल हों। गौरतलब है कि इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नेहा सिंह राठौर की जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
पूरा मामला पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ा है, जिसको लेकर नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था। इस पोस्ट को लेकर कवि अभय प्रताप सिंह उर्फ अभय सिंह निर्भीक ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नेहा राठौर की पोस्ट से राष्ट्रीय अखंडता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और धर्म व जाति के आधार पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने तथा शांति व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली बातें कही गई हैं।
इस मामले में पहले भी पुलिस की ओर से नेहा सिंह राठौर को नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे। नेहा राठौर बयान दर्ज कराने के लिए खुद थाने पहुंची थीं, लेकिन पुलिस ने यह कहकर बयान दर्ज नहीं किया कि महिलाओं का बयान सूर्यास्त के बाद नहीं लिया जा सकता। इससे पहले खराब स्वास्थ्य के कारण भी वे एक बार बयान दर्ज कराने नहीं पहुंच सकी थीं। अब सुप्रीम कोर्ट की अंतरिम राहत के बाद मामले पर सभी की नजरें अगली सुनवाई पर टिकी हैं।

