बैतूल। जिले में जहां एक ओर पुलिस ग्राउंड पर गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पूरे सम्मान और गौरव के साथ चल रहा था, वहीं कुछ ही दूरी पर स्थित नेहरू पार्क में अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब छात्राओं के दो गुट आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते पार्क अखाड़े में तब्दील हो गया।
बाल पकड़कर खींचना, लात-घूंसे चलाना और बीच सड़क तमाशा बन जाना, यह पूरा घटनाक्रम गणतंत्र दिवस के माहौल के बीच कैमरे में कैद हो गया, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए।
हालात ऐसे बने कि गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम देखने आए कई लोग मुख्य समारोह छोड़कर इस मारपीट को देखने नेहरू पार्क की ओर उमड़ पड़े।
छात्राओं के बीच हुई यह मारपीट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, हालांकि अब तक दोनों ही पक्षों की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
फिलहाल विवाद की असली वजह क्या थी, यह साफ नहीं हो पाया है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

