भोपाल। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना चेकपोस्ट से सामने आए आरटीओ एजेंट के वायरल वीडियो ने सियासत गरमा दी है। इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए सोशल मीडिया पर तीखी टिप्पणी की है। उमंग सिंघार ने लिखा कि नए-नए ‘सौरभ शर्मा’ रोज पैदा हो रहे हैं। एक तरफ गाड़ी में सोने की ईंटें रखने वाला ड्राइवर आज तक नहीं पकड़ा गया, तो दूसरी तरफ सड़कों पर खुलेआम आरटीओ के नाम पर लूट चल रही है। उन्होंने कहा कि अब चेक पॉइंट सुरक्षा के नहीं, बल्कि लूट पॉइंट बन चुके हैं और यह भ्रष्टाचार कोई संयोग नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की सरपरस्ती का नतीजा है।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि आखिर सरकार और प्रशासन कब तक इस खुलेआम चल रही लूट पर मौन रहेंगे। कांग्रेस लगातार परिवहन विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर सरकार को घेर रही है। उमंग सिंघार इससे पहले भी सौरभ शर्मा मामले में मंत्री और अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं और अब इस नए वायरल वीडियो ने विपक्ष को एक बार फिर सरकार पर हमला बोलने का मौका दे दिया है।
इस पूरे मामले पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आरटीओ विभाग में लगातार नए-नए घपले सामने आ रहे हैं और पूरा सिस्टम वसूली पर टिका हुआ है, जहां एजेंटों से पैसे वसूल कर ऊपर तक पहुंचाए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सिपाही से लेकर अधिकारी तक पोस्टिंग के लिए पैसे लेते हैं और अब एजेंटों के जरिए खुलेआम वसूली कराई जा रही है। पीसी शर्मा ने कहा कि गनीमत रही कि ड्राइवर की मेहरबानी से एजेंट की जान बच गई और हालत यह है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की भी कोई सुनने वाला नहीं है।
दरअसल यह पूरा मामला मऊगंज बॉर्डर स्थित हनुमना चेकपोस्ट से जुड़ा है, जहां का एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरटीओ का कथित दलाल एक ट्रक की खिड़की पर लटका हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि ट्रक चालक उसे काफी दूर तक घसीटता हुआ नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि चालक अवैध वसूली से इतना भड़क गया था कि उसने ट्रक नहीं रोका और यह खतरनाक दृश्य कैमरे में कैद हो गया। यह वीडियो सामने आने के बाद परिवहन विभाग और प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

