15 दिन में नवविवाहिता की मौत, परिजनों ने एसपी ऑफिस पहुंचकर लगाए हत्या के आरोप

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में शादी के महज 15 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी है। गुस्साए परिजन हत्या का आरोप लगाते हुए सड़कों पर उतरे और एसपी ऑफिस पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के मुताबिक 6 फरवरी को कैमोरी निवासी पूजा साहू की शादी लार्डगंज इलाके के निखिल साहू से हुई थी। शादी के बाद सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था, लेकिन 20 फरवरी को पूजा अपने पति, सास, ससुर और ननद के साथ उज्जैन गई। अगले ही दिन 21 फरवरी को उज्जैन में उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि पूजा को उज्जैन ले जाकर मौत के घाट उतार दिया गया। उनका कहना है कि जब पूजा की तबीयत खराब थी तो उसे अस्पताल ले जाने के बजाय ससुराल पक्ष ने मायके वालों को उसका वीडियो भेजकर पैसों की मांग की। परिवार का आरोप है कि शादी में चार लाख रुपये और जेवर दहेज में देने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त पैसों की मांग करता रहा।

मृतका की तस्वीर वाले पोस्टर हाथ में लेकर परिजन एसपी ऑफिस पहुंचे और हत्या का मामला दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, लेकिन 15 दिन पहले दुल्हन बनी पूजा की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *