बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे। 89 साल की उम्र में लंबी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझने के बाद उनका निधन हो गया, और पूरा फिल्म जगत भावुक है। हर कोई अपने सोशल मीडिया पर उनके साथ बिताए यादगार पल साझा कर रहा है। इसी बीच एक्टर निकितिन धीर ने भी धर्मेंद्र को याद करते हुए दिल छू लेने वाला पोस्ट लिखा है, जिसने कई लोगों की आंखें नम कर दीं।
निकितिन ने बताया कि जब उनके पिता, अभिनेता पंकज धीर का निधन हुआ था, तब धर्मेंद्र खुद ICU में एडमिट थे। लेकिन जैसे ही उन्हें इस दुखद खबर का पता चला, उन्होंने तुरंत ICU से निकितिन की मां को फोन किया। उन्होंने परिवार को प्यार, सहारा और हिम्मत दी और कहा कि वो जल्द ही ठीक होकर घर लौट आएंगे—इतनी बड़ी तकलीफ में भी दूसरे के दर्द को समझने वाले धरम अंकल की यह इंसानियत आज भी उनके परिवार को याद है।
अपने पोस्ट में निकितिन लिखते हैं—मेरे पापा और मैं हमेशा बात करते थे कि फिल्म इंडस्ट्री का सबसे सफल हीरो कौन है, और वो बिना झिझक कहते थे—धरम अंकल। सबसे मर्दाना, सबसे हैंडसम, सबसे विनम्र और सोने जैसे दिल वाले… बिल्कुल ओरिजिनल। हम उनके आशीर्वाद में बड़े हुए हैं, उनकी मुस्कान हमेशा कमरे को रोशन कर देती थी। वो हमें देखते ही हाथ उठाकर दुआ देते थे।
निकितिन आगे कहते हैं—सिनेमा में उनके योगदान ने हमारी पीढ़ियों का बचपन खूबसूरत बनाया है। उन्होंने दिखाया कि एक आदमी कैसा होता है और कैसा होना चाहिए। उनकी जगह कभी भरी नहीं जा सकती… दूसरा धर्मेंद्र इस दुनिया में कभी नहीं होगा।
अंत में वो पूरे देओल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं, और धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए लिखते हैं—ओम शांति।

